श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- सतना। जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कैलाशपुर में हुई वृद्ध महिला की हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी नाती को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई थी।
सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला गया
ग्राम कैलाशपुर निवासी 85 वर्षीय बैशाखिया मवासी पत्नी बद्दु मवासी मंगलवार दोपहर गांव से कुछ दूरी पर आम के पेड़ के नीचे मृत अवस्था में मिली थीं। वृद्धा का शव खून से लथपथ था तथा सिर पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था।
मौके से मिले पत्थर सहित अन्य साक्ष्य जब्त
घटना की सूचना मिलते ही मझगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मौके से मिले पत्थर सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए।
आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि मृतका का अपने नाती शिवप्रसाद उर्फ कल्लू मवासी से आम तोड़ने की बात को लेकर विवाद हुआ था। दोपहर में हुए इसी विवाद के बाद गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी नानी के सिर पर पत्थर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया
मझगवां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित शिवप्रसाद उर्फ कल्लू मवासी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।







