श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरियाः जिले की थाना कोतवाली पुलिस ने सिंगापुर मे नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से हजारों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपित को सात साल बाद आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी एमएल मरावी ने बताया कि वर्ष 2019 मे राजेश सिंह उर्फ चूतर सिंह पिता सोहन सिंह निवासी पोखरण राजस्थान ने तामन्नारा के अजय यादव पिता राजकुमार यादव 21 को सिंगापुर में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके एवज में 1 लाख 30 हजार रुपये की मांग की।
इतना ही नहीं उसने मोबाईल के माध्यम से 85 हजार रुपये अपने खाते मे ट्रांसफर भी करवा लिए। रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो युवक को विदेश भेजा और ना ही पैसे वापस किए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
ठिकाने बदलता रहा आरोपितः राजेश सिंह लगातार ठिकाने बदलता रहा, जिससे पुलिस को लंबे समय तक सफलता नहीं मिल सकी। जिसे देखते हुए उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी के निर्देशन एवं एसडीओपी पीएल परस्ते के नेतृत्व मे विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार निगरानी करते हुए आरोपित की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित इंदौर मे छिपा हुआ है। जिसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए इंदौर पहुंच कर आरोपित को धर-दबोचा। पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने कार्रवाई मे शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले मे फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।







