श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहीनाका के पास मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी। हमलावरों ने युवक पर तब तक वार किए, जब तक उसकी जान नहीं निकल गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सरेबाजार हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घायल आयुष को लहूलुहान हालत में स्थानीय लोग मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी।
आरोपियों की तलाश शुरू
पुलिस ने प्राथमिक जांच और चश्मदीदों के बयान के आधार पर रोहन पटेल, आयुष श्रीपाल, काला और उनके तीन अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।







