SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » नागपुर इलाज कराने जा रहे रीवा के दंपती को ट्रक ने कुचला, काफी दूर तक घसीटती चली गई महिला की मौत

नागपुर इलाज कराने जा रहे रीवा के दंपती को ट्रक ने कुचला, काफी दूर तक घसीटती चली गई महिला की मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   रीवा। जिले से सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे ने एक महिला की जान ले ली। बिछिया के सिलपरा में रौंदने के बाद महिला ट्रक के साथ काफी दूर तक घसीटती चली गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के लिए नागपुर जाने की थी तैयारी

पहचान कमला मिश्रा उम्र 55 वर्ष, पति रमागोविंद मिश्रा, निवासी पतेरी के रूप में हुई है। बुधवार को कमला अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर रीवा आ रही थीं।

नियति को कुछ और ही मंजूर था

दंपती को इलाज के सिलसिले में रीवा से नागपुर निकलना था। घर से वे इसी उम्मीद के साथ निकले थे कि जल्द ही स्वस्थ होकर वापस लौटेंगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

गड्ढे के कारण अनियंत्रित हुई बाइक

हादसा उस वक्त हुआ जब दंपती बाइक से सिलपरा पुल के नीचे पहुंचे। सड़क पर मौजूद एक बड़े गड्ढे के कारण बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने से बाइक पर पीछे बैठीं कमला मिश्रा सड़क की ओर गिर पड़ीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

प्रशासन के खिलाफ आक्रोश, लगाया जाम

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सिलपरा नहर के पास सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

बार-बार शिकायत के बावजूद ध्यान नहीं दिया

लोगों का आरोप है कि सिलपरा नहर के नीचे सड़क की स्थिति बेहद जर्जर है और वहां बने गड्ढों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, जिसका खामियाजा आज एक मासूम जान को भुगतना पड़ा।

पुलिस की समझाइश के बाद खुला रास्ता

घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को काफी देर तक समझाया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सड़क मरम्मत का आश्वासन दिया। पुलिस की समझाइश के बाद ही जाम खोला गया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है और ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us