श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- महू। बेटमा थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई दो सनसनीखेज हत्याओं का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पहले मामले में मोबाइल और पर्स लूटने की नीयत से ड्यूटी से लौट रहे युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
दूसरे मामले में ऑनलाइन गेमिंग में जीते छह लाख रुपए के लेनदेन के विवाद में युवक की उसके ही दोस्त व रिश्तेदार ने हत्या कर दी थी। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ऑनलाइन गेमिंग में जीते छह लाख रुपये कत्ल की वजह
ग्राम घाटाबिल्लौद निवासी समीर पटेल का शव आठ मई को खेत के पास मिला था। सिर पर पत्थर से हमला कर हत्या की गई थी। जांच में सामने आया कि समीर को आखिरी बार उसके दोस्त और रिश्तेदार रमजान पटेल के साथ देखा गया था। पुलिस ने सख्ती से रमजान से पूछताछ की तो हत्या कबूल ली। पूछताछ में पता चला कि दोनों ऑनलाइन जुआ और गेमिंग खेलते थे।
इसी दौरान रमजान ने समीर से करीब छह लाख रुपए जीत लिए थे। पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रमजान ने समीर को मिलने के लिए चंबल नदी के पास खेत पर बुलाया जहां फिर विवाद हुआ।
गुस्से में रमजान ने पास पड़े पत्थर से समीर के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पल्सर बाइक और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मोबाइल और पर्स लूटने के लिए युवक को चाकुओं से गोदा
पहला मामला ग्राम सिंधीपुरा स्थित भेरूबाबा मंदिर के पास का है, जहां चार-पांच मई की दरमियानी रात ड्यूटी से घर लौट रहे राहुल पंवार (25) की हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई रवि ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने राहुल को रोककर धारदार हथियार से हमला किया और मोबाइल व पर्स लूटकर फरार हो गए।
राहुल गंभीर रूप से घायल स्थिति में मंदिर के बाहर मिला था। इसके बाद उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस जांच के दौरान संदेह के आधार पर विक्की उर्फ विक्कू (19) निवासी सिंधीपुरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपितों ने बताया कि उन्होंने राहुल को अकेला देखकर पहले उसे रोका और फिर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर मोबाइल और पर्स लूट लिया। इसके बाद सभी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया है।







