SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, RailOne ऐप से टिकट बुक करने पर मिलेगी 3% की छूट, ऐसे उठाएं लाभ

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, RailOne ऐप से टिकट बुक करने पर मिलेगी 3% की छूट, ऐसे उठाएं लाभ

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   शहडोल। रेलवन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट बुक कर डिजिटल भुगतान करने पर यात्रियों को तीन प्रतिशत की छूट दी जा रही है। हालांकि बतौर प्रयोग यह सुविधा अभी 14 जुलाई तक के लिए ही लागू है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल द्वारा रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह छूट दी जा रही है। शहडोल सहित बिलासपुर मंडल के 81 स्टेशनों के बुकिंग कार्यालयों में रेलवन ऐप को बढ़ावा दिया जा रहा है।

स्टेशनों पर हेल्प डेस्क और प्रचार अभियान

प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को ऐप की जानकारी दी जा रही है। वाणिज्य विभाग द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क संचालित कर यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, टिकट बुकिंग एवं डिजिटल भुगतान संबंधी सहायता भी प्रदान की जा रही है। स्टेशनों के बुकिंग काउंटर में लगे रेलवन ऐप स्टिकरों पर प्रदर्शित क्यूआर कोड को स्कैन करके रेलवन ऐप डाउनलोड कर सकते हैं और टिकट भी बुक कर सकते हैं।

डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने की पहल

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि रेलवन ऐप भारतीय रेल की डिजिटल सेवाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे यात्रियों को तेज, पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवाएं मिल रही हैं। इसके माध्यम से यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग एवं आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मोबाइल से टिकट बुकिंग और अन्य सुविधाएं

रेलवन ऐप के माध्यम से यात्री आरक्षित, अनारक्षित एवं प्लेटफार्म टिकटों की आसानी से बुकिंग कर सकते हैं, साथ ही टिकट निरस्तीकरण एवं रिफंड की प्रक्रिया भी बेहद सरल एवं त्वरित रूप में उपलब्ध है। यात्रियों को पीएनआर स्टेटस, वेटिंग स्थिति, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, ट्रेन के आगमन एवं प्रस्थान समय, प्लेटफार्म नंबर तथा कोच पोजिशन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी रियल टाइम में प्राप्त होती हैं।

 समय की बचत और भीड़ से राहत

रेलवन ऐप सुरक्षित, सुविधाजनक एवं तेज डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराता है। रेलवन ऐप में यात्रियों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक डिजिटल टिकटिंग सुविधा मिलने के कारण यात्रियों के समय एवं श्रम दोनों की बचत हो रही है और टिकट काउंटरों में भीड़ एवं लंबी कतारों से राहत मिल रही है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us