श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया जिले के पाली थाना अंतर्गत घुंघुटी चौकी क्षेत्र में सराफा व्यापारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से व्यापारी का पीछा किया और सुनसान रास्ते में वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों ने पहले चलती मोटरसाइकिल में बैग छीनने की कोशिश की, जिससे व्यापारी और उसका साथी सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद मारपीट करते हुए गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों से घटना के संबंध में अहम जानकारी मिली है। वहीं लूटे गए सामान की बरामदगी को लेकर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी किसी वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।
घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में नाराजगी थी, जिसके बाद पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
इस संबंध में घुंघुटी पुलिस ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की विवेचना और बरामदगी की कार्रवाई में जुटी हुई है।







