श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- रीवा। शहर में कानून के रखवालों के बीच ही आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। शहर के बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पुलिस लाइन कॉलोनी में देर रात एक पुलिसकर्मी ने अपने ही साथी पुलिसकर्मी पर प्राणघातक हमला कर दिया।
संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया
इस हमले में हेड कांस्टेबल मुकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टिफिन लेने आए थे घर, पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपी..
घटना के संबंध में घायल मुकेश तिवारी की पत्नी सुभाषिनी तिवारी और उनके बेटे आदित्य तिवारी ने बताया कि मुकेश तिवारी वर्तमान में मनगवां थाने में पदस्थ हैं और कलेक्ट्रेट/कोर्ट ड्यूटी पर तैनात हैं।
खाना खाने के लिए टिफिन लेने शासकीय आवास पहुंचे थे
रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच वे ड्यूटी से खाना खाने के लिए टिफिन लेने अपने शासकीय आवास पहुंचे थे। जैसे ही उनका बेटा दरवाजा खोलने निकला।
पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी ने किया हमला
पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी कांस्टेबल चालक सुरेंद्र पांडे, उनके बेटे समन पांडे और दो अन्य साथियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया।
पुरानी रंजिश और गाली-गलौज बना कारण
परिजनों का आरोप है कि आरोपी सुरेंद्र पांडे पिछले तीन-चार दिनों से बिना किसी ठोस कारण के मुकेश तिवारी और उनके परिवार को मां-बहन की गालियां दे रहा था और विवाद कर रहा था।
आरोपी का कॉलोनी में काफी आतंक है
परिजनों ने बताया कि आरोपी का कॉलोनी में काफी आतंक है और वह अक्सर लोगों को परेशान करता है, लेकिन डर के मारे कोई उसके खिलाफ आवाज नहीं उठाता।
हालचाल जाना और परिजनों के बयान दर्ज किए
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रभारी एसपी आरती सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल जाकर घायल का हालचाल जाना और परिजनों के बयान दर्ज किए।
साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज
बिछिया पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल सुरेंद्र पांडे, उनके बेटे और अन्य साथियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया है।
वारदात के बाद से ही सभी आरोपी फरार हैं
फरार सभी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। वर्तमान में मुकेश तिवारी की हालत गंभीर बनी हुई है और वे अस्पताल में उपचाराधीन हैं।







