श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले के धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डाक्टर पर शराब के नशे में ड्यूटी करने, मरीज के इलाज में लापरवाही बरतने और परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। मरीज के स्वजन ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को लिखित शिकायत कर जांच व कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता मोहम्मद इरशाद निवासी वार्ड 20 पुरानी बस्ती धनपुरी ने बताया कि उन्होंने 7 मई को मां शमसुन्निशा को पेटदर्द होने के कारण धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। आरोप है कि डा अभिषेक शर्मा द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बाहर से जांच और दवाइयां लिखी गईं।
स्वजन ने अस्पताल के बाहर स्थित निजी लैब से करीब 700 रुपए की जांच कराई और मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदीं। शिकायतकर्ता इरशाद का आरोप है कि अस्पताल में इंजेक्शन लाने के बाद भी करीब चार घंटे तक मरीज को नहीं लगाया गया, जिससे उनकी मां दर्द से तड़पती रहीं। उन्होंने डाक्टर से मरीज को देखने की गुजारिश की तो डाक्टर ने आने से इंकार कर दिया। स्वजन का, दावा है कि उन्होंने डाक्टर के शराब के नशे में दुर्व्यवहार का वीडियो भी बनाया है। प्रीड़ित परिवार ने सीएमएचओ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सात दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है।







