श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल। डॉ. केदार सिंह ने जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अनोखी पहल की है, जो अब चर्चा का विषय बन गई है। कलेक्ट्रेट परिसर से जनगणना प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाने के बाद उन्होंने खुद वाहन की स्टीयरिंग संभालकर उसे रवाना किया। आमतौर पर प्रशासनिक अधिकारी औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित रहते हैं, लेकिन कलेक्टर का इस तरह स्वयं मैदान में उतरकर संदेश देना लोगों को खासा प्रभावित कर रहा है।
उनका यह कदम न केवल जनगणना के महत्व को रेखांकित करता है, बल्कि नागरिकों को इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करता है। यही कारण है कि उनका यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और जिलेभर में सराहना मिल रही है।
कलेक्टर ने खुद संभाली प्रचार रथ की कमान
कलेक्ट्रेट से जनगणना प्रचार रथ को रवाना करते समय कलेक्टर ने औपचारिकता से आगे बढ़ते हुए खुद ड्राइवर सीट पर बैठकर वाहन चलाया। इस अनोखे अंदाज ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और जनगणना के प्रति जागरूकता का संदेश मजबूत किया।
गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता अभियान
जनसंपर्क संचालनालय भोपाल द्वारा उपलब्ध कराए गए इस प्रचार रथ के माध्यम से जिले के सभी विकासखंडों में अभियान चलाया जाएगा। यह रथ गांव और शहरों में जाकर लोगों को जनगणना की प्रक्रिया, महत्व और इसके लाभों के बारे में जानकारी देगा।
1 मई से शुरू हुआ मकान सूचीकरण कार्य
कलेक्टर ने बताया कि 1 मई से 30 मई तक जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान 33 प्रकार की जानकारियां एकत्र की जाएंगी, जो भविष्य की योजनाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगी।
नागरिकों से सहयोग की अपील
कलेक्टर ने जिलेवासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूरा सहयोग दें और सही जानकारी प्रदान करें। साथ ही उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि जानकारी देने से पहले संबंधित अधिकारी का पहचान पत्र अवश्य जांच लें।
जनभागीदारी से ही होगी सफलता
कलेक्टर ने जोर देते हुए कहा कि जनगणना को सफल बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। यह पहल प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम है।










