श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है । जहां अधेड़ उम्र के फूफा ने 15 वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब किशोरी गर्भवती हो गई तब इसकी जानकारी परिजनों को हुई इसके बाद मामले की शिकायत दर्ज कराई गई।
कोयलांचल क्षेत्र के भालूमाड़ा थाना अंतर्गत रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। भाद गांव में रहने वाले फूफा ने 15 वर्षीय भतीजी, जो मानसिक कमजोर भी है, को झांसे में लेकर उसके साथ लगातार दरिंदगी करता रहा। किशोरी के लगभग पांच माह के गर्भवती होने एवं पेट में दर्द बने रहने से जानकारी सामने आई। बेटी के साथ हुई दरिंदगी एवं गर्भवती होने का पता चलते ही किशोरी के माता पिता के थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस ने आरोपी फूफा के खिलाफ किशोरी से दुष्कर्म कर गर्भवती एवं पॉक्सो की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर विवेचना जारी है।
पुलिस पीड़िता का मेडिकल विशेष टीम से कराने एवं न्यायालीन कथन की कार्रवाई भी कर रही है। घटना के बारे में बताया जाता है कि 15 वर्षीय किशोरी को परिजनों ने फूफा के यहां कक्षा नवमी की पढ़ाई के लिए वर्ष 2025 में छोड़ा था। कुछ दिनों बाद से फूफा द्वारा जब भी पीड़िता की बुआ घर में नहीं रहती तो दरिंदगी करने के साथ ही धमकी देता रहा। दो माह पूर्व पीड़िता की मां ने रात में आपत्तिजनक हरकत करते पकड़ा भी लेकिन मामला सामने नहीं आ सका। लगातार दैहिक शोषण से भतीजी के गर्भवती होने एवं शारीरिक बदलाव से सच्चाई सामने आई। रिश्तेदारी होने के कारण दोनों परिवार के लोगों का घर आना जाना लगातार बना रहता था। पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 64, 65 एवं पॉक्सो की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी फूफा को गिरफ्तार कर लिया है।










