श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- कटनीः महिला एवं बाल विकास विभाग ने शनिवार को लाड़ली लक्ष्मी दिवस के उपलक्ष्य में जिले भर के आंगनबाड़ी केन्द्रों व अन्य स्थानों पर विविध आयोजित किए। आयोजनों में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राही बालिकाओं की सहभागिता रही। लाड़ली लक्ष्मी दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिभा पांडेय, सहायक संचालक वनश्री कुर्वेती की उपस्थिति रही। जिला स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं, समायरा सोनी, अग्रिमा तिवारी, प्रियांशी तिवारी, नायरा तिवारी व समृद्धि श्रीवास्तव को अतिथियों ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र व आकर्षक उपहार प्रदान किए।
साथ ही योजना की हितग्राही बालिकाओं, सुभांशी दुबे, टीना बर्मन, वैष्णवी यादव, सौम्या व पूजा तिवारी को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी प्रदर्शन करने पर पुरस्कृत किया गया। लाड़ली लक्ष्मी दिवस पर योजना की हितग्राही व आइटीआइ की छात्रा प्राची प्रजापति व कक्षा 12वीं की छात्रा सान्या यादव ने योजना से संबंधित अपने अनुभव साझा किए।
मुड़वारा विधायक जायसवाल ने बालिकाओं को मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत प्राप्त होने वाली छात्रवृत्ति से निरंतर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।











