श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- कटनीः कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत थाने के पीछे स्थित जेपीवी डीएवी स्कूल में मंगलवार सुबह अचानक आग भड़क उठी। तेजी से फैली आग ने कम्प्यूटर लैब को अपनी गिरफ्त में ले लिया और स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची नगर निगम की फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। इस दौरान लैब व उसके आसपास बच्चे नहीं थे और इसके चलते बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार जेपीवी डीएवी स्कूल में सुबह 10.30 बजे स्कूल परिसर से धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बस स्टैंड जोन से एक फायर वाहन रवाना किया गया, जिसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक और फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचा। दो फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। तब तक कम्प्यूटर सेंटर सहित स्कूल के कई कमरे आग की चपेट में आ चुके थे।
पांच बार दिया है नोटिस
स्कूल जैसे संवेदनशील स्थलों में फायर सेफ्टी की व्यवस्था उचित न होने को लेकर पूर्व में नगर निगम ने सिविल लाइन के एक स्कूल में तालाबंदी की थी। उसके बाद से निजी स्कूलों को नोटिस जारी होते रहे हैं, लेकिन वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई। जेपीवीडीएवी स्कूल प्रबंधन ने भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती। बड़ा हादसा टल गया, लेकिन अब अभिभावकों के मन में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता है। दूसरी ओर नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि संबंधित स्कूल को निगम की ओर से फायर सेफ्टी के नियमों का पालन करने व व्यवस्था करने को लेकर पांच बार नोटिस जारी किया जा चुका है, लेकिन उसके बाद भी इस ओर प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया।
घटना के दौरान बच्चे मौके पर नहीं थे और समय पर सूचना मिलने से दमकल वाहनों ने आग पर काबू पा लिया, जिसके चलते बड़ा हादस टल गया।







