श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अमरकंटकः पवित्र नगरी अमरकंटक में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा कपिलधारा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास गत रात लगभग दस बजे हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक सुभाष सिंह मरावी, निवासी कपिलधारा रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल से कपिलधारा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गंभीर रूप से घायल सुभाष सिंह मरावी ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। स्वजनों ने बताया कि यदि समय पर सहायता मिल जाती तो शायद उसकी जान बच सकती थी। वहीं अस्पताल के चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि युवक की मृत्यु अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।
घटना को लेकर परिजनों ने सड़क निर्माण कार्य को भी जिम्मेदार बताया। इनका कहना है कि मार्ग पर निर्माण. कार्य चल रहा था, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई। वहीं निर्माण कार्यस्थल पर मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि निर्माणाधीन मागर्गों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। तेज रफ्तार और असावधानी कई बार ऐसे दुखद हादसों का कारण बन जाती है। घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घायल युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान सुभाष सिंह पिता नेम सिंह मरावी 33 वर्ष, हाल निवासी कपिलधारा अमरकंटक तथा स्थायी निवासी बरगवां थाना करंजिया, जिला डिंडोरी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभकर दी है। प्रधान आरक्षक प्रवीण कुजूर द्वारा प्रकरण की विवेचना की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम उपरांत स्वजनों को सौंपा।







