SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे सवार

चलती कार में लगी आग, बाल-बाल बचे सवार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेय न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   उमरिया/बिरसिंहपुर पालीः जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोर्चा फाटक के पास शहडोल-कटनी मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन समय रहते चालक की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

इस बारे में मिली जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक एमपी-20-सीजी-8727 में सवार सभी लोग शहडोल के एमआर सिटी निवासी बताए जा रहे हैं, जो किसी कार्य से जबलपुर की ओर जा रहे थे। कार में चालक शैलेश सिंह के साथ उनके परिवार की दो महिलाएं भी मौजूद थीं।

अचानक उठा धुंआ तो हुए सतर्कः  यात्रा के दौरान अचानक वाहन से धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। स्थिति को भांपते हुए चालक शैलेश सिंह ने बिना देर किए सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। उन्होंने सबसे पहले वाहन में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कुछ ही पलों में कार के अगले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो कि एक राहत की बात है।

सतर्कता से बची जानः  प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आपात स्थिति में थोड़ी सी सतर्कता और समय पर लिया गया निर्णय किसी भी बड़े हादसे को टाल सकता है। चालक की समझदारी और तत्परता से तीन जिंदगियां सुरक्षित बच गईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले को जांच में ले लिया।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us