श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- सागर। देवरी के भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी पर एक व्यक्ति ने मारपीट का आरोप लगाया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित राजेश शर्मा निवासी ग्राम जमुनिया ने गौरझामर थाने में लिखित शिकायत दी है। आवेदन के मुताबिक वह जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया के साथ रहता है। 13 अप्रैल को वह गौरझामर क्षेत्र के एक बैंक पहुंचा था। बैंक के अंदर एक व्यक्ति ने उसे बताया कि विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया उसे बाहर बुला रही हैं।
पीड़ित का आरोप है कि वह बैंक के बाहर खड़ी सफेद रंग की स्कॉर्पियो के पास पहुंचा, तो प्रियंका पटेरिया ने पहले गाली-गलौज की और फिर जूता उतारकर मारपीट शुरू कर दी। उसने अपनी गलती पूछी तो कहा गया कि वह उनके पिता के खिलाफ काम कर रहा है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाने में शिकायत
पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत गौरझामर थाने में दी है। पुलिस ने कहा कि आवेदन प्राप्त हो गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित का आरोप है कि मामला प्रभावशाली परिवार से जुड़ा होने के कारण कार्रवाई में देरी हो रही है।
मेरा लगातार करता है पीछा
मैंने राजेश शर्मा को मारा है, क्योंकि वे किसी के इशारे पर मेरा लगातार पीछा कर रहे थे। मुझे गाड़ी से कट मारते हैं। इन्हीं ने मेरा नंबर अनजान लोगों में बांट दिया है। मुझे लोग नशे की हालत में रात दो-दो बजे कॉल करते हैं। इनसे मुझे जान का खतरा हैं। दो साल पहले मेरे साथ जो मारपीट की गई थी, उस शिकायत में राजेश शर्मा का भी नाम शामिल है।









