श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में इंदौर रोड स्थित त्रिवेणी हिल्स कॉलोनी में मंगलवार को हादसा हो गया। दो बहनें शाजापुर व कायथा से बच्चों के साथ पिता के घर आई थीं। यहां पिता ने गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए ड्रमों में चार दिन पूर्व कीटनाशक रखा था। इसकी गैस से चार बच्चों की तबीयत खराब हो गई। उपचार के दौरान डेढ़ माह व पांच साल की बालिकाओं की मौत हो गई, जबकि एक बालिका व बालक निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
छुट्टियां मनाने आई बेटियों के बच्चों पर टूटा कहर
टीआइ नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि लालचंद प्रजापत निवासी त्रिवेणी हिल्स कालोनी, इंदौर रोड पर उनकी दो पुत्रियां पूजा प्रजापत निवासी शाजापुर व रीना निवासी कायथा बच्चों के साथ छुट्टी मनाने के लिए आई थीं। लालचंद ने अपने घर में चार दिन पूर्व चार क्विंटल गेहूं को ड्रमों में भरकर रखा था। इन्हें सालभर सुरक्षित रखने के लिए ड्रमों में कीटनाशक रखा था। उसी कमरे में पुत्रियों के बच्चे खेलते व सोते थे।
बंद कमरे में गैस फैलने से बिगड़ी तबीयत
कीटनाशक के कारण उसकी गैस कमरे में फैल रही थी। इसकी चपेट में आने से मंगलवार को चार वर्षीय अन्नू प्रजापत निवासी कायथा मंडी, पांच वर्षीय जेनिशा प्रजापत निवासी शाजापुर, साढ़े तीन माह के बाबू और डेढ़ माह की त्रिशा प्रजापत निवासी शाजापुर की तबीयत खराब हो गई थी। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान त्रिशा व जेनिशा की मौत हो गई।









