SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » मौत के 6 दिन बाद कब्र से निकाला गया 3 वर्षीय बालिका का शव, हुआ पोस्टमार्टम, परिजनों ने लगाए थे आरोप

मौत के 6 दिन बाद कब्र से निकाला गया 3 वर्षीय बालिका का शव, हुआ पोस्टमार्टम, परिजनों ने लगाए थे आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :-    नरसिंहपुर। इलाज के दौरान 3 वर्षीय मासूम की मौत के बाद परिजनों ने नरसिंहपुर के निजी अस्पताल जगदीश हॉस्पिटल के चिकित्सक शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप पटेल पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मृत बच्ची के पिता डेडवारा नरसिंहपुर निवासी नीलेश मिश्रा ने पूरे मामले की शिकायत प्रशासन और पुलिस से करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। इसके बाद पुलिस और तहसीलदार की मौजूदगी में बुधवार को मुक्तिधाम में दफन किए गए शव को मौत के 6 दिन बाद पोस्टमार्टम के लिए बाहर निकाला गया।

5 अप्रैल से शुरू हुआ था इलाज का सिलसिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को बच्ची को हल्का बुखार और सुस्ती की शिकायत पर परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टर ने इसे सामान्य बीमारी बताते हुए इलाज शुरू किया और कुछ जांच कराकर दवाइयां दीं एवं अस्पताल में भर्ती भी किया। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान बच्ची को कई इंजेक्शन लगाए गए और शाम को उसे घर भेज दिया गया। अगले दिन 6 अप्रैल को बच्ची की हालत में सुधार न होने पर उसे फिर अस्पताल ले जाया गया।

हालत बिगड़ने पर जबलपुर रेफर, इलाज के दौरान मौत

परिजनों के अनुसार, बच्ची को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, बावजूद इसके डॉक्टर ने रिपोर्ट सामान्य बताते हुए उसे फिर घर भेज दिया। रात में बच्ची की तबीयत और बिगड़ गई और 7 अप्रैल को वह अचेत हो गई। इसके बाद परिजन बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन इलाज के दौरान 9 अप्रैल को बच्ची की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार झिरना मुक्तिधाम में किया था।

प्रशासनिक अनुमति के बाद शव का हुआ पोस्टमार्टम

परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में सही उपचार नहीं मिलने और लापरवाही के चलते बच्ची की जान गई। उन्होंने मामले की शिकायत सीएमएचओ, थाना प्रभारी और कलेक्टर से की है। इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि एसडीएम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद बुधवार को शव बाहर निकलवाने के बाद जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us