श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित वर्ष 2026 के हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) परीक्षा परिणाम में शहडोल जिले के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। ब्यौहारी नगर के वार्ड क्रमांक 9, न्यू बरौंधा निवासी छात्र योगेंद्र सिंह परमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने 500 में से 497 अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
सीमित संसाधनों में हासिल की सफलता
योगेंद्र सिंह परमार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारी के छात्र हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता यह दर्शाती है कि निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
परिणाम के बाद खुशी का माहौल
परिणाम घोषित होते ही योगेंद्र के घर और आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाइयां दीं। जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने भी उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने इसे पूरे स्कूल के लिए गर्व का क्षण बताया और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना।
सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को
योगेंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सही उपयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश की सेवा करने की इच्छा जताई है।
पिता की मेहनत और खुशी का पल
योगेंद्र के पिता रामनरेश सिंह ब्यौहारी के एक निजी स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड हैं। उन्होंने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश है। पिता ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि योगेंद्र अच्छे अंक लाएगा, लेकिन प्रदेश स्तर पर स्थान हासिल करेगा, यह अनुमान नहीं था। उन्होंने बताया कि जब उन्हें यह खबर मिली, तब वे बाजार में थे और तुरंत मिठाई लेकर घर पहुंचे, जहां पहले से ही लोगों की भीड़ लगी थी और सभी योगेंद्र को बधाई दे रहे थे।







