श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह -: बुढार थाना क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी घटना सामने आई है। यहां रामजानकी मंदिर वार्ड नंबर 10 निवासी दीपक साहू के घर में चोरों ने दीवार तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी चुरा ली। हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय परिवार के सदस्य घर के आंगन में सो रहे थे और कमरों में बाहर से ताला लगा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बुढार थाना क्षेत्र की है। गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य रात में घर के आंगन में सो रहे थे। उन्होंने कमरों के दरवाजों में बाहर से ताला लगा दिया था। चोरों ने घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाई और अंदर घुस गए।
सुबह जब परिवार के लोग उठे तो दरवाजों पर ताले वैसे ही लगे थे। अंदर जाकर देखने पर उनके होश उड़ गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया था और उसमें रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए थे। कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और दीवार में एक बड़ा छेद मिला, जिससे चोर अंदर आए थे। पीड़ित दीपक साहू ने बताया कि चोर लगभग 3 तोला सोने के जेवरात, आधा किलो चांदी के जेवरात और करीब 25 हजार रुपए नकद ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 5 लाख रुपए बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है और उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।







