श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह -: शहडोल जिले के धनपुरी वार्ड नंबर 12 में शनिवार रात चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी की बैटरी फटने से आग लग गई। इस हादसे में महिला बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर सुनीता रजक का घर जल गया।
घर के पहले कमरे में स्कूटी चार्ज हो रही थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मुख्य दरवाजे सहित पूरे कमरे को चपेट में ले लिया।
जान बचाने के लिए परिवार के लोगों को दीवार फांदकर बाहर निकलना पड़ा। किचन में रखे दो गैस सिलेंडर भी आग की जद में आ गए थे, लेकिन पड़ोसियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
इस घटना में घर का सारा कीमती सामान तबाह हो गया। घर में रखी दो बाइक, ई-स्कूटी, लाखों के जेवर और करीब दो लाख रुपए नकद जल गए। सबसे ज्यादा दुखद यह रहा कि 21 अप्रैल को होने वाली बेटी की शादी के लिए खरीदा गया सारा सामान भी खाक हो गया।
हादसे की तीव्रता इतनी थी कि घर के मंदिर की मूर्तियां और एक्वेरियम की मछलियां भी नहीं बच सकीं।
पुलिस कर रही जांच
करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था।
अमलाई थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पाण्डेय ने बताया कि आगजनी का केस दर्ज कर लिया गया है और घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।











