श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल में पारिवारिक विवाद में घर के सामने बने बारजे (बरामदे) को तोड़ने का मामला सामने आया है। मामला ब्यौहारी थाना क्षेत्र में पारिवारिक जमीनी विवाद से जुड़ा है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने ब्यौहारी थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फरियादी संदीप कुमार पटेल (33), वार्ड क्रमांक 09 न्यू बरौधा तिराहा, ब्यौहारी के निवासी हैं। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनके पिता के नाम पर कुल 30 डिसमिल जमीन थी। यह जमीन उनके और मोतीलाल पटेल के बीच 15-15 डिसमिल में बंटी हुई है। संदीप पटेल के अनुसार, उनके हिस्से की जमीन पर उनका मकान बना है और कुछ हिस्सा खाली पड़ा है।
फरियादी ने बताया जमीन मापने पर बरमदा तोड़ा
फरियादी पटेल ने बताया कि उन्होंने अपने पुराने मकान के सामने एक नया बारजा बनवाया था और उसकी ढलाई कराई थी। शनिवार सुबह करीब 8 बजे सतेन्द्र उर्फ चरकु पटेल, पिता कामता प्रसाद पटेल, मौके पर पहुंचे और बारजे को गिरा दिया।
जब फरियादी ने इस कार्रवाई का विरोध किया, तो सतेन्द्र ने दावा किया कि यह बारजा उसकी जमीन पर बना है। फरियादी ने जमीन की नपाई कराने की बात कही, जिस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। घटना का वीडियो शनिवार सुबह सामने आया।
आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की
आरोप है कि विवाद के दौरान सतेन्द्र पटेल ने गाली-गलौज करते हुए डंडे से संदीप के बाएं हाथ की कलाई पर वार किया। हालांकि, संदीप को कोई गंभीर चोट नहीं आई। इसी दौरान नवीन पटेल, सुरेन्द्र प्रसाद पटेल, दीपेन्द्र पटेल, अनीस पटेल और नागेन्द्र पटेल भी मौके पर पहुंच गए और विवाद में शामिल हो गए। पीड़ित का कहना है कि बारजे की छत गिराने से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
घटना के समय आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। थाना प्रभारी जिया उल हक ने बताया कि पुलिस ने मामले में प्राथमिकी रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पीड़ित को न्यायालय जाने की सलाह दी गई है।







