श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा देवरा जमुनिहा तिराहे पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष सिंह कवर (45) के रूप में हुई है। संतोष सिंह धनपत सिंह कवर के बेटे और जयसिंहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नौगाई के निवासी थे। वह बाइक से अकेले घर जा रहे थे, तभी देवरा जमुनिहा तिराहे के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक सवार दो लोग भी घायल
इस टक्कर में संतोष सिंह कवर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दूसरी बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी।
सूचना मिलने पर जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।







