श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल में एक महिला मोबिलाइजर के सुसाइड मामले में शनिवार शाम पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है। शख्स पर महिला को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप है। मामला बुढ़ार थाना क्षेत्र के केशवाही में ग्राम पंचायत बलबहरा का है। पुलिस मामले की जांच कर रही थी और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की है। मृतिका मोबिलाइजर के पद पर कार्यरत थी।
महिला पंखे से लटकर सुसाइड कर ली थी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 11 मार्च को हुई थी। ग्राम पंचायत भवन बलबहरा में मोबिलाइजर सुनैना कुशवाहा (30) पत्नी सुरेंद्र कुशवाहा ने पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, शव पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों व अन्य साक्षियों के बयान दर्ज किए।
महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था
जांच के दौरान सामने आया कि गांव का निवासी मुरारीलाल सोनी उर्फ मुरारी (33) पिता अशोक कुमार सोनी पिछले सात-आठ महीनों से सुनैना को लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी महिला को अपने साथ रखने की बात कहकर बदनाम करता था और अक्सर गाली-गलौज भी करता था। वह फोन पर भी महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।
पुलिस के अनुसार, इस लगातार प्रताड़ना के कारण महिला गंभीर मानसिक तनाव में थी। इसी उत्पीड़न से तंग आकर सुनैना ने 11 मार्च को ग्राम पंचायत भवन में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
आरोपी के खिलाफ धारा 306 में मामला दर्ज
विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने (धारा 306) का मामला दर्ज किया। उसे शनिवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इस बीच, मृतिका सुनैना के पति सुरेंद्र कुशवाहा ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि 2025 में भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी कि वह उनकी पत्नी को परेशान करता है, लेकिन पुलिस ने कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की। पति का कहना है कि इसी लापरवाही के कारण उनकी पत्नी आज जीवित नहीं है।







