SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » शहडोल में गैस के लिए हाहाकार, घर नहीं पहुंच रहे सिलिंडर, एजेंसियों पर उमड़ी भारी भीड़

शहडोल में गैस के लिए हाहाकार, घर नहीं पहुंच रहे सिलिंडर, एजेंसियों पर उमड़ी भारी भीड़

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :-   शहडोल। जिला मुख्यालय में गैस सिलिंडर आसानी से लोगों के घरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिसके चलते अब लोगों का हुजूम गैस एजेंसी के कार्यालयों एवं गोदामों तक पहुंच रहा है। हालात यहां पर ठीक नहीं हैं।

जिला प्रशासन की ओर से दावा किया जा रहा है कि सबकुछ ठीक है और किसी तरह से गैस की किल्लत नहीं है। मगर यह दावा इंटरनेट मीडिया पर ही किया जा रहा है, पर जमीनी हकीकत तब पता चलती है जब इन एजेंसियों के कार्यालयों व गोदामों पर जाकर देखा जाए।

कलेक्टर बंगले के पास एजेंसी पर उमड़ी जबरदस्त भीड़

कलेक्टर बंगला से ठीक 100 कदम की दूरी पर भारत गैस एजेंसी के कार्यालय के बाहर शुक्रवार को लोगों की जबरदस्त भीड़ दिखी। गैस उपभोक्ता सुबह से ही लाइन लगाकर खड़े नजर आए। कार्यालय के खुलते ही लोगों का हुजूम टूट पड़ा।

हालत यह है कि गैस एजेंसी के बाहर खड़े लोगों का हुजूम अपने सब्र का बांध तोड़ता दिखाई दे रहा था। इस हुजूम में महिलाएं और युवतियां भी शामिल रहीं। गांधी चौक के पास स्थित भारत गैस एजेंसी के कार्यालय के सामने सिलिंडर पाने के लिए लोगों में भारी मारामारी देखी गई।

होम डिलेवरी न होने से उपभोक्ता परेशान, सड़क पर लगा जाम

लोगों का कहना था कि उनको बुकिंग कराए हुए सात से आठ दिन हो गए हैं, पर सिलिंडर नहीं दिया जा रहा है। होम डिलेवरी नहीं की जा रही है, जिससे परेशान होकर यहां आना पड़ा है, पर यहां भी हालात ठीक नहीं हैं। भारत गैस एजेंसी के सामने सड़क पर लोगों ने अपने वाहनों को खड़ा किया था, जिसके चलते जाम की स्थिति बनी।

सड़क पर लोग अपनी साइकिल, बाइक और अन्य वाहन खड़े कर लाइन में लगे दिखे। सड़क पर खड़े वाहनों के कारण आवागमन करने वालों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

जिला प्रशासन ने दावा किया है कि सिलिंडर की कोई दिक्कत नहीं है, गैस सबको बराबर मिल रही है, पर यहां पर जिस तरह के हालात हैं उससे लगता है कि प्रशासन को एजेंसियां झूठी खबर दे रही हैं।

उपभोक्ताओं ने बयां किया दर्द

‘मैं सिलिंडर के लिए बहुत परेशान हो रहा हूं। घर पर सिलिंडर पहुंच नहीं रहा है, जिसके कारण एजेंसी के चक्कर काट रहा हूं और यहां की हालत आप देख ही रहे हैं कि कितनी मारामारी मची है।’ – ललन गुप्ता, उपभोक्ता।

‘एक हफ्ते से ज्यादा समय हो गया है, पर सिलिंडर घर पर नहीं भेजा गया है। सुबह से लाइन में लगे हैं, पर यहां पर किसी तरह से काम होता नहीं दिख रहा है। प्रशासन को चाहिए कि मदद करे।’ – संजय कुरील, उपभोक्ता।

कलेक्टर ने अफवाहों से बचने की सलाह दी

‘शहडोल जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस उपलब्ध है। जिले के नागरिक इंटरनेट मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी उपभोक्ता को कोई दिक्कत नहीं है। कामर्शियल गैस सिलिंडर की भी पर्याप्त व्यवस्था है। होम डिलेवरी भी बराबर हो रही है।’ – डॉ. केदार सिंह, कलेक्टर शहडोल।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us