श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के बोदा टोला में नहर निर्माण कार्य के दौरान मिक्सर मशीन के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घोघरी गांव से नवगवां तक नहर निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी निर्माण कार्य में छोटी घोघरी निवासी गोजे बैगा (48) मजदूरी कर रहा था। सोमवार दोपहर काम के दौरान किसी जरूरत के चलते वह मिक्सर मशीन को आगे बढ़ाने के लिए अकेले ही उसे ढकेलने लगा। बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर ढलान होने के कारण मशीन अचानक तेजी से आगे बढ़ने लगी और गोजे बैगा उसकी चपेट में आ गया।
मिक्सर मशीन के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को देख वहां मौजूद अन्य मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह मशीन को हटाकर उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मजदूरों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।जानकारी मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि घटना में किसी की लापरवाही रही है या नहीं। यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। घटना के बाद गांव और मजदूरों के बीच शोक का माहौल है।







