श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है। यहां माधव नगर थाना क्षेत्र के इमलिया इलाके में एक महिला को उसके मासूम बच्चों की जान लेने की धमकी देकर न केवल बंधक बनाया गया, बल्कि 14 दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
धमकी देकर किया अपहरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना लगभग 14 दिन पहले की है जब पीड़िता अपने घर पर बच्चों के साथ अकेली थी। इसी दौरान इमलिया निवासी आरोपित दशरथ कोल वहां पहुंचा और महिला पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपित ने उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। बच्चों की सुरक्षा को लेकर डरी-सहमी महिला मजबूरन उसके साथ चली गई।
सुनसान कमरे में 14 दिन तक कैद
आरोपित दशरथ, महिला को पडरवारा कचरा प्लांट के समीप एक सुनसान इलाके में स्थित अपने कमरे पर ले गया। वहां उसने महिला को कैद कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि पिछले दो हफ्तों से आरोपित उसके साथ लगातार दुष्कर्म कर रहा था। इस दौरान जब भी उसने भागने या विरोध करने की कोशिश की, तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
ऐसे मिली दरिंदगी से मुक्ति
बुधवार को महिला का पति उसे ढूंढते हुए संयोगवश उसी इलाके में पहुंचा। अपने पति की आवाज सुनते ही कमरे में बंद पीड़िता ने पूरी ताकत लगाकर शोर मचाया। शोर सुनकर पति तुरंत मौके पर पहुँचा और स्थानीय लोगों की सहायता से कमरे का दरवाजा तोड़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ सीधे थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की। नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मुख्य आरोपित दशरथ कोल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की विस्तृत जांच कर रही है।







