श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- ब्यौहारीः समीपस्थ ग्राम बराछ निवासी एक किशोरी अपने घर से अचानक लापता हो गई। किशोरी अपनी सहेली के घर जाने की बात कहते हुए 10 फरवरी को अपने घर से निकली थी। इसके बाद से वो लापता है। स्वजन ने उसे बहला-फुसलाकर अगवा किए जाने की आशंका जताई है। उन्होंने इस संबंध में ब्यौहारी थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई, पर अब तक किशोरी का पता नहीं चल पाया है।
किशोरी के स्वजन ने बताया कि आठवीं में पढ़ने वाली किशोरी अपने मामला के घर पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। 10 फरवरी को वो अपनी सहेली हिमांशी के घर जाने की बात कहकर निकली, इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। 12 फरवरी को इस संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। स्वजन के अनुसार उन्होंने अपने स्तर पर पता लगाया तो ज्ञात हुआ कि वो किस्मत पटेल नाम की किसी लड़की के साथ इंदौर के पीथमपुर चली गई है। किस्मत उसे व एक अन्य किशोरी को बरगलाकर अपने साथ ले गई है।
इस कहानी में किसी लड़के के भी शामिल होने की बात कही जा रही है। किशोरी के स्वजन मोबाइल नंबरों के आधार पर इंदौर जाकर भी पुलिस से संपर्क कर चुके हैं, लेकिन उनको कोई सुराग नहीं मिल पाया है। किस्मत पटैल और उसके साथ रहने वाले लड़के से भी लोगों ने जानकारी लेना चाही, लेकिन वो गुमराह कर रहे हैं। जिसके चलते शक की सुई बड़ी साजिश की ओर घूम रही है। किशोरी के स्वजन ने पुलिस अधीक्षक से उसकी पतासाजी के लिए गुहार लगाई है। ब्यौहारी पुलिस का कहना है कि सीडीआर निकलवाकर इस मामले की जांच की जा रही है।







