श्रेया न्यूज़ द्रोपती धुर्वे शहडोल :- दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के पटेरा तहसील के कुआंखेड़ा गांव में आजादी के बाद पहली बार यहां बंसल समाज का दूल्हा घोड़े पर चढ़ा। दूल्हा नंदू बंसल की बरात गुरुवार को पूरे गांव में बैंडबाजे की धुन पर निकली। इस दौरान दूल्हे ने अपने हाथ में भारत के संविधान की किताब थाम रखी थी। बंसल समाज के लोगों को आशंका थी कि गांव के दबंग बरात के दौरान विवाद कर सकते हैं। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई थी। गांव में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के कारण कोई विवाद नहीं हुआ।
सुरक्षा के लिए एसपी को सौंपा था आवेदन
बंसल समाज के लोगों व एससी महासभा ने बुधवार को एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को आवेदन दिया था। उन्होंने मांग की थी कि वह गुरुवार को नंदू की शादी में बरात घोड़े पर निकालना चाहते हैं। उन्हें आशंका थी कि गांव के दबंग विवाद कर सकते हैं। एसपी ने हटा थाना पुलिस को शांति व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
प्रशासन की मुस्तैदी और सामाजिक तालमेल
बुधवार रात को ही पटेरा तहसीलदार उमेश तिवारी के साथ हटा थाने की पुलिस गांव में पहुंची। अधिकारियों ने बंसल परिवार और गांव के अन्य लोगों से बात की। अन्य समाज के लोगों ने आश्वस्त किया कि उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। प्रशासन की इस मुस्तैदी के चलते बरात बिना किसी विघ्न के संपन्न हुई।










