श्रेया न्यूज़ शहडोल द्रोपती धुर्वे :- रविवार की शाम नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। जीएम ऑफिस के सामने स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक सड़क पर घिसटती चली गई और चारों युवक दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर सवार चारों युवक रोज की तरह मजदूरी कर शाम को अपने गांव देवगवां लौट रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास अचानक एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े। सड़क पर खून से लथपथ पड़े युवकों को देख हर कोई सहम गया।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने इलाज शुरू किया, लेकिन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर करने का निर्णय लिया। खबर लिखे जाने तक गंभीर रूप से घायल मजदूरों को जबलपुर भेजने की प्रक्रिया जारी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही नौरोजाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस कार चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पेट्रोल पंप और जीएम ऑफिस के आसपास सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।







