श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया जिले के चंदिया स्थित मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के ओपन कैप में धान चोरी के आरोपों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बड़े संकट का रूप ले चुका है। सोमवार रात ट्रक ड्राइवरों के साथ कथित तौर पर असामाजिक तत्वों द्वारा की गई मारपीट के बाद जिले में धान परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है। विरोध स्वरूप ड्राइवरों ने अपने ट्रक खड़े कर दिए हैं, जिससे प्रशासन और खाद्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
वहीं चंदिया थाना प्रभारी जोधन सिंह परस्ते ने बताया कि बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा एक ड्राइवर के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिस पर अपराध दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और ड्राइवरों को आश्वस्त किया जा रहा है कि कानून अपना काम करेगा। साथ ही उनसे अपील की जा रही है कि वे भयमुक्त होकर अपना कार्य जारी रखें। फिलहाल प्रशासन के लिए यह चुनौती बनी हुई है कि ड्राइवरों का भरोसा कैसे बहाल किया जाए, क्योंकि धान परिवहन ठप रहने से जिले की खाद्य व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।







