SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » Shahdol News: पत्नी की प्रताड़ना से आहत युवक ने की आत्महत्या, मारपीट की शिकायत के कुछ घंटे बाद उठाया कदम

Shahdol News: पत्नी की प्रताड़ना से आहत युवक ने की आत्महत्या, मारपीट की शिकायत के कुछ घंटे बाद उठाया कदम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-     शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के कुछ घंटे पहले ही पत्नी ने पति के खिलाफ थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी।

जैतपुर नगर में रहने वाले रामनारायण कहार (34) ने 12 जनवरी को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, आत्महत्या से कुछ घंटे पहले रामनारायण की पत्नी लक्ष्मी कहार ने पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए जैतपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। जब रामनारायण को यह जानकारी मिली कि उसकी पत्नी ने उसके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है, तो वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया। इसी मानसिक दबाव और तनाव के चलते उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि जब पत्नी ने पति को फांसी के फंदे पर लटका देखा, तो वह तुरंत थाने पहुंची और घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद वह अपने मायके चली गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी कहार आए दिन रामनारायण के साथ गाली-गलौज करती थी और कई बार मारपीट भी करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के एक दिन पहले भी पत्नी ने विवाद की शुरुआत की थी और मारपीट के बाद उल्टा थाने जाकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी थी।

परिजनों के अनुसार रामनारायण का विवाह धनपुरी की रहने वाली लक्ष्मी के साथ 2017 में हुआ था, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों परिवार से अलग रहने लगे थे। अलग रहने के दौरान पति पत्नि का विवाद रोज होता था। हर दिन लक्ष्मी थाने पहुंच जाती थी और पति की शिकायत पुलिस से करती थी। पुलिस ने कई बार दोनों में सुलह कराई थी लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। रामनारायण के तीन बच्चे हैं। इसमें सब से छोटा लगभग 8 माह का है।

थाना प्रभारी जैतपुर जिया उल हक ने कहा कि पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि युवक पत्नी की प्रताड़ना से लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी लक्ष्मी कहार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पत्नी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us