श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां घरेलू विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के कुछ घंटे पहले ही पत्नी ने पति के खिलाफ थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी।
विवेचना के दौरान मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी कहार आए दिन रामनारायण के साथ गाली-गलौज करती थी और कई बार मारपीट भी करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के एक दिन पहले भी पत्नी ने विवाद की शुरुआत की थी और मारपीट के बाद उल्टा थाने जाकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी थी।
थाना प्रभारी जैतपुर जिया उल हक ने कहा कि पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि युवक पत्नी की प्रताड़ना से लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी पत्नी लक्ष्मी कहार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पत्नी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।







