श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल जिला मुख्यालय में सोमवार को अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ नगरवासियों ने आबकारी कार्यालय का घेराव किया। वार्ड क्रमांक 26 के वंशकार मोहल्ला और मोहनराम तालाब क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस समस्या से परेशान हैं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग शामिल हुए।
लोग बोले- खुलेआम बन रही कच्ची शराब
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वार्ड क्रमांक 26 में खुलेआम कच्ची शराब बनाई और बेची जा रही है। इससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है। लोगों का कहना है कि शराब के कारण मारपीट, गाली-गलौज और घरेलू हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं।
महिलाओं ने बताई घर-परिवार की परेशानी
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि अवैध शराब के चलते घर-परिवार तबाह हो रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर भी इसका गलत असर पड़ रहा है। महिलाओं ने शराब बंदी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पहले की शिकायतों पर नहीं हुई कार्रवाई
नगरवासियों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी कई बार आबकारी विभाग को शिकायतें दी गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से अवैध शराब बेचने वालों के हौसले बढ़ गए हैं।
अधिकारी के नहीं मिलने से बढ़ा आक्रोश
घेराव के दौरान आबकारी कार्यालय में संबंधित अधिकारी मौजूद नहीं थे, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे विभाग की लापरवाही बताया।
आंदोलन की चेतावनी दी
नगरवासियों ने आबकारी विभाग को लिखित शिकायत सौंपते हुए अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। इस दौरान लोगों ने “शराब बंद करो, महिलाओं-बच्चों को बचाओ” जैसे नारे भी लगाए।
सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से कच्ची शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षित माहौल कायम हो सके। अब देखना होगा कि इस जनआक्रोश के बाद आबकारी विभाग क्या कदम उठाता है।







