SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » शहडोल में पेड़ से गिरने पर युवक की मौत:लकड़ी काटने जंगल गया था; साइकिल और कुल्हाड़ी के पास मिला शव

शहडोल में पेड़ से गिरने पर युवक की मौत:लकड़ी काटने जंगल गया था; साइकिल और कुल्हाड़ी के पास मिला शव

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :-     शहडोल के सीधी थाना क्षेत्र में पेड़ से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम सिचौरा निवासी मुनीम सिंह (34) गोड़ पिता धर्मदास गोड़ के रूप में हुई है। युवक सुबह लकड़ी काटने के लिए जंगल गया था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा।

काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर जंगल में युवक की साइकिल और कुल्हाड़ी मिली। पास ही एक पेड़ के नीचे युवक का शव पड़ा मिला, जिसके ऊपर लकड़ियां दबी हुई थीं। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि युवक पेड़ पर चढ़कर लकड़ियां काट रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना के समय वह जंगल में अकेला था। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us