श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल के जैतपुर वन परिक्षेत्र की रसमोहनी बस्ती में भालू के लगातार दिखने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। पिछले कुछ दिनों से रात में भालू बस्ती में घूमता नजर आ रहा है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीण अब अपने घरों के बाहर आग जलाकर सो रहे हैं।
लोग बोले-किराना दुकान के बाहर दो बार दिखा भालू
स्थानीय निवासियों के अनुसार, रसमोहनी बस्ती के बाजार में एक किराना दुकान के बाहर एक हफ्ते में दो बार भालू देखा गया था। बीती रात यह भालू फिर से बस्ती में घूमता हुआ दिखा, जिसे ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। ग्रामीण राम जी गुप्ता ने बताया कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
वन विभाग पर ठोस कार्रवाई न करने का आरोप
ग्रामीणों ने वन विभाग को भालू के दिखने की जानकारी दी है, लेकिन उनका आरोप है कि वन अमला मौके पर पहुंचकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग भालू की निगरानी ठीक से नहीं कर रहा है, जिसके कारण यह तीसरी बार बस्ती में दिखाई दिया है।
घरों के बाहर आग जलाकर अपनी सुरक्षा कर रहे ग्रामीण
ग्रामीण अनुराग ने बताया कि भालू लगातार बस्ती के अंदर घूम रहा है। लोगों का मानना है कि भालू आग से डरता है, इसलिए वे अपने घरों के बाहर आग जलाकर अपनी सुरक्षा कर रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि वन विभाग भालू को खदेड़ने के लिए कोई पहल नहीं कर रहा है।
दरअसल, बीते महीने केशवाही क्षेत्र में एक भालू ने एक महिला को जंगल में ले जाकर मार डाला था। ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर घटना के बावजूद जैतपुर वन अमले की लापरवाही जारी है। उन्होंने वन विभाग पर किसी बड़ी घटना का इंतजार करने का आरोप लगाया है।
डीएफओ बोलीं-वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही
इस संबंध में डीएफओ श्रद्धा पेंद्रो ने बताया कि जैतपुर क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने स्वीकार किया कि जैतपुर क्षेत्र में भालुओं की संख्या अधिक है। डीएफओ ने कहा कि वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि जहां भालू दिखे, वे तत्काल वन विभाग को सूचित करें।







