श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- शहडोल में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एक ही दिन में दो अलग-अलग छापामार कार्रवाई की गई। जिसमें एक घर में चल रही अवैध फर्नीचर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, वहीं दूसरी ओर बिना वैध दस्तावेजों के नीलगिरी की लकड़ी ले जा रहा एक पिकअप वाहन जब्त किया गया।
यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल अनुपम सहाय के निर्देशन और वन मण्डलाधिकारी दक्षिण शहडोल श्रद्धा पन्द्रे और उप वन मण्डलाधिकारी जैतपुर विनोद जाखड़ के मार्गदर्शन में की गई। इसमें वन मण्डल दक्षिण शहडोल के वन परिक्षेत्र बुढ़ार और जैतपुर के संयुक्त वन अमले ने हिस्सा लिया।
पहली कार्रवाई बुढ़ार क्षेत्र में सीताराम उर्फ सुरेश चौधरी (61) के निवास पर की गई। तलाशी के दौरान, अवैध रूप से संग्रहित बबूल और खम्हेर प्रजाति की लकड़ी से बने 7 सिंगल पल्ला दरवाजे, 1 से 2 दो-पल्ला दरवाजे, 4 सेट सोफा और विभिन्न आकार के कुल 274 नग चिरान (1.061 घन मीटर सतकठा प्रजाति) जब्त किए गए।
मौके से फर्नीचर निर्माण में उपयोग होने वाले रमदा, सिकंजा, बसूला, आरी, कटर मशीन, टूल मशीन सहित कुल 29 औजार भी बरामद हुए। इस संबंध में शुक्रवार को वन अपराध दर्ज किया गया।
वाहन में 3 घन मीटर नीलगिरी लकड़ी लदी हुई पाई गई
दूसरी कार्रवाई जैतपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम मौहार टोला (नगपुरा) मार्ग पर हुई। यहां संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक MP18GA5083 को रोका गया। वाहन चालक जुगेन्द्र यादव (18), निवासी बैराग, नीलगिरी लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन में 3 घन मीटर नीलगिरी लकड़ी लदी हुई पाई गई। मध्य प्रदेश अभिवहन (वनोपज) नियम 2022 की धारा 3, 7, 14 और 15 के उल्लंघन पर वन अपराध दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया गया।
इन दोनों कार्रवाइयों में वन परिक्षेत्राधिकारी, परिक्षेत्र सहायकों, बीटगार्डों और अन्य वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई, भंडारण और परिवहन के खिलाफ उनका सख्त अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।







