श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :- ब्यौहारी पुलिस ने लूट और रेप के दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम भी बरामद की है।
पहला मामला 21 नवंबर की रात का है। तेंदुआड़ निवासी राजकुमार पटेल अपने परिवार के साथ मोटरसाइकिल से ब्यौहारी से लौट रहे थे। रेलवे ब्रिज के आगे गोदावल मेला मैदान के पास प्रिंस उर्फ पीयूष नामदेव, रामयज्ञ सिंह गोंड़ और सचिन सिंह गोंड़ ने उन्हें रोककर 12 हजार रुपए लूट लिए थे। इसी दौरान उन्होंने आगे जा रहे एक अन्य व्यक्ति से भी 4 हजार रुपए लूटे थे।
इस मामले में पुलिस ने प्रिंस और रामयज्ञ को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन तीसरा आरोपी सचिन सिंह गोंड़ घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने अब आरोपी सचिन सिंह गोंड़ निवासी अंबार, थाना देवलोंद को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से लूटी गई राशि भी बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
चार साथियों की गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी भी दबोचा
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने रेप और लूट के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिब्बू सिंह निवासी ग्राम कोठिया को गिरफ्तार किया है। घटना 27 अक्टूबर को हुई थी, जब पीड़िता अपने मंगेतर के साथ बाइक से मानपुर जा रही थी।
कोठिया के आगे उफरी जंगल में शिब्बू सिंह और उसके साथियों ने उन्हें रोककर लूटपाट की थी। आरोपियों ने पीड़िता के साथ रेप किया और उसके मंगेतर से 500 रुपए भी लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी।
मुख्य आरोपी शिब्बू सिंह घटना के बाद से फरार था। अब उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश किया गया है। इन दोनों कार्रवाइयों से पुलिस की सक्रियता और तत्परता एक बार फिर सामने आई है।







