SUBSCRIBE NOW

Home » राज्य » कटनी जिले के बहोरीबंद में पेयजल व्यवस्था ठप, एक सप्ताह से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण

कटनी जिले के बहोरीबंद में पेयजल व्यवस्था ठप, एक सप्ताह से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे ग्रामीण

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  स्लीमनाबाद। जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत देवरी के केवलारी गांव में ट्रांसफार्मर पिछले सात दिनों से बंद है। बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूसरे किसानों के खेतों में लगे पंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से गांव में पानी का संकट बना हुआ है। उन्होंने सरपंच को समस्या बताकर ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच ने उन्हें बताया कि पेयजल पंप का लाखों रुपये का बिजली बिल बकाया होने के कारण ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा है।

बिल बकाया होने का असर गांव के लोगों पर पड़ रहा है। पानी लेने के लिए खेतों तक जाने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि बिजली बिल के बकाया का मामला सुलझने तक पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग और पंचायत प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर ट्रांसफार्मर बदलने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि इसमें समय लगने पर टैंकर या किसी अन्य माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us