SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » उफनते नाले में उतारी यात्रियों से भरी बस, बीच रास्ते बंद; मेडिकल कॉलेज में पेड़ गिरने से कार दबी

उफनते नाले में उतारी यात्रियों से भरी बस, बीच रास्ते बंद; मेडिकल कॉलेज में पेड़ गिरने से कार दबी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। शुक्रवार को यात्रियों से भरी बस तेज बहाव वाले नाले में बंद हो गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं मेडिकल कॉलेज परिसर में पेड़ गिरने से कार क्षतिग्रस्त हुई। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की।

शहडोल जिले में पिछले कुछ घंटों से लगातार बारिश के कारण नदीनाले उफान पर हैं। जिला प्रशासन ने लोगों को एडवाइजरी जारी कर उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की है। इसके बावजूद शुक्रवार को बस चालक यात्रियों से भरी बस को उफनते नाले में उतारकर पार कराने लगा। बीच नाले में पहुंचते ही बस तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार बस शहडोल से सिंहपुर होते हुए डिंडोरी की ओर जा रही थी। नाले में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद चालक ने बस को आगे बढ़ा दिया। बीच में बस बंद होने के बाद यात्रियों की जान पर बन आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। मुख्यालय सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बारिश के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नदी-नाले उफान पर होने की स्थिति में उन्हें पार करने की कोशिश न करें। बस चालक की लापरवाही भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेडिकल कॉलेज परिसर में महुआ का पेड़ गिरा

लगातार बारिश के कारण शहडोल मेडिकल कॉलेज परिसर में एक भारी-भरकम महुआ का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी एक कार दब गई। पेड़ गिरने की घटना से मेडिकल कॉलेज के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा में तैनात गार्ड मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी।

पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पेड़ के नीचे कार दबने से वाहन को नुकसान पहुंचा है, हालांकि घटना में किसी प्रकार की बड़ी जनहानि नहीं हुई। लगातार बारिश के चलते जिले में नदी-नालों के जलस्तर के साथ ही पेड़ गिरने की घटनाओं को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us