श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा कोर क्षेत्र में मवेशी खोजने गए 36 वर्षीय ग्रामीण रामनरेश सिंह पर बाघिन ने हमला कर दिया। घायल को वन विभाग ने अस्पताल पहुंचाया। हालत सामान्य है। विभाग ने तीन हजार रुपये की सहायता देकर क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी।
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा कोर क्षेत्र में मवेशी खोजने गए एक ग्रामीण पर बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण घायल हो गया। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल मानपुर पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बघड़ो निवासी रामनरेश सिंह पिता लालमन सिंह, उम्र 36 वर्ष, बुधवार को अपने मवेशियों को खोजने के लिए जंगल की ओर गया था। इसी दौरान पनपथा कोर के बीट बघड़ो क्षेत्र में अचानक उसका सामना बाघिन से हो गया। बाघिन ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद उप वन मंडलाधिकारी पनपथा भी अस्पताल पहुंचे और घायल रामनरेश सिंह से मुलाकात कर उसकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ड्यूटी डॉक्टर से संपर्क स्थापित कर घायल को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा की। वन विभाग द्वारा उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया।
तत्काल दी गई तीन हजार रुपये की सहा
बाघिन के हमले में घायल हुए ग्रामीण को वन विभाग की ओर से तत्काल सहायता के रूप में 3 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। विभागीय अमले द्वारा घायल के उपचार और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जंगल में बढ़ी सतर्कता
घटना के बाद पनपथा कोर क्षेत्र के संबंधित बीट में वन अमले द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल अथवा वन क्षेत्र में अकेले न जाएं और मवेशियों की तलाश करते समय विशेष सावधानी बरतें। वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से प्रवेश करने से बचने की सलाह भी दी गई है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों और अन्य वन्यजीवों की लगातार मौजूदगी के बीच ऐसी घटनाएं वन क्षेत्र के आसपास रहने वाले ग्रामीणों के लिए सतर्कता का संकेत हैं। वन विभाग द्वारा घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है और क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है।














