श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरियाः जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृतिका की पहचान अनुराधा देवी धुर्वे, पति अशोक सिंह धुर्वे के रूप में हुई है। घटना रेलवे पोल नंबर 976/36N के पास की बताई जा रही है। मृतिका की बेटी मूर्ति सिंह धुर्वे के मुताबिक, उनकी मां बुधवार शाम झाड़ मोहल्ले में बने अपने नए घर को देखने गई थीं।
रात करीब 8:30 बेटी की फोन पर मां से बात हुई थी। उस दौरान अनुराधा देवी ने बताया कि वह रेलवे लाइन के पास हैं और घर लौट रही हैं। इसके बाद बेटी ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
रात में नहीं लौटीः
रात अधिक होने के कारण बेटी अपनी मां को तलाशने के लिए बाहर नहीं निकल सकी। उसे लगा कि संभवतः मां झाड़ मोहल्ले वाले घर में रुक गई होंगी, क्योंकि वह पहले भी कभी-कभी वहां रुक जाती थीं। सुबह महिला की मौत की जानकारी सामने आई। मृतिका की बेटी ने बताया। कि उनकी मां जिला अस्पताल में प्राइवेट स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं।
लोन का विवादः
बेटी ने एक अन्य मामले को लेकर भी संदेह जताया है। उसके मुताबिक मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने उसकी मां के नाम पर लोन लिया था और उसकी किस्तें जमा नहीं कर रहा था, जिसके चलते उसकी मां प्रेशान रहती थीं।
कुछ दिन पहले इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। विवाद के दौरान अनुराधा देवी ने 112 डायल किया था, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के बीच विवाद शांत कराया था।














