श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मैकी में खेलते-खेलते एक मासूम की मौत हो गई। घर के पास खुले कुएं में गिरने से 8 वर्षीय शिवम उर्फ शुभम नायक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया और स्कूल में शोक सभा कर छुट्टी कर दी गई।
शहडोल मेडिकल कॉलेज ले गए
पुलिस के अनुसार मृतक शिवम पिता नीलमणि नायक, निवासी ग्राम मैकी का था। वह घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान वह घर के कुएं के पास चला गया और अचानक उसमें गिर गया। कुछ देर बाद परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो आनन-फानन में उसे कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे।
मासूम सहपाठी और शिक्षक भी गमगीन
यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवम को मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार बेसुध हो गया। सूचना गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। घटना की जानकारी जब स्कूल प्रबंधन को मिली तो विद्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। उसकी स्मृति में स्कूल में शोक सभा आयोजित की गई। इसके बाद विद्यालय की छुट्टी कर दी गई। मासूम सहपाठी और शिक्षक भी गमगीन हैं।
सोहागपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। एक ही पल में उजड़े घर और स्कूल में पसरे सन्नाटे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।














