SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » शहडोल स्टेशन पर 30 मीटर लंबा FOB बनेगा

शहडोल स्टेशन पर 30 मीटर लंबा FOB बनेगा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य चल रहा है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए स्टेशन पर 30 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवर ब्रिज (FOB) बनाया जा रहा है।

यह FOB प्लेटफॉर्म नंबर-1 से शुरू होकर प्लेटफॉर्म नंबर-2 होते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-3 तक पहुंचेगा। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए दो आधुनिक लिफ्ट और रैंप का निर्माण भी किया जा रहा है। यह जानकारी शहडोल की असिस्टेंट रेल मैनेजर (ARM) सोनालिका रुचंदानी ने दी।

यात्रियों को मिलेगा लाभ

एआरएम सोनालिका रुचंदानी ने बताया कि वर्तमान में शहडोल स्टेशन पर प्लेटफॉर्मों के बीच आवाजाही के लिए छोटे फुट ओवर ब्रिज हैं। कई यात्री जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार कर प्लेटफॉर्म बदलते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। नया FOB बनने के बाद यात्रियों को ट्रैक पार नहीं करना पड़ेगा और प्लेटफॉर्म 1, 2 और 3 के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

नए FOB के साथ लगाई जाने वाली दो लिफ्टों से बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार, गर्भवती महिलाओं और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। यह सुविधा सभी यात्रियों के लिए आवाजाही को सुगम बनाएगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल शहडोल

शहडोल रेलवे स्टेशन को केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। इस योजना का उद्देश्य देश के चयनित स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस करना है। सोनालिका रुचंदानी ने बताया कि बारिश के मौसम के कारण निर्माण की गति धीमी है, लेकिन मानसून समाप्त होते ही कार्य में तेजी लाई जाएगी।

हालांकि, स्थानीय लोगों ने शहडोल रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की है। उनका आरोप है कि जिन अन्य स्टेशनों पर इसी योजना के तहत कार्यों का शिलान्यास किया गया था, वहां निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शहडोल में अभी तक कार्य अधूरे हैं। स्थानीय लोगों ने शहडोल रेलवे प्रशासन से जल्द निर्माण पूरा करने की मांग की है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us