श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- डिंडौरी। आदिवासी बहुल जिले डिंडौरी से लडकियों के गायब होने के मामले यूं तो नए नहीं हैं, लेकिन सत्ताधारी दल से भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे द्वारा जिस तरह से ढाई सौ लड़कियां गायब होने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं, उससे सरगर्मी बढ गई है। जिले से लड़कियों के गायब होने से जुड़े आरोप का वीडियो भाजपा विधायक द्वारा अपनी सोशल मीडिया आईडी से वायरल भी किया गया है।
इस मामले में आरोप प्रत्यारोप के दौर भी शुरू हो गए हैं। भाजपा विधायक द्वारा लड़कियों के गायब होने के साथ धवाडोंगरी और हर्रई हत्याकांड का भी जिक्र कर पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए गए हैं। इस गंभीर मामले के भाजपा विधायक द्वारा उठाए जाने पर पुलिस ने भी आवश्यक कदम और उठाने की बात तो कही है, लेकिन यह मुद्दा राजनीतिक बनता जा रहा है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अमान सिंह पोर्ते ने भी इस मामले में सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार में यह कोई नई बात नहीं है। अब तो भाजपा विधायक भी खुलकर इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष और डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने भी गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप प्रत्यारोप के बीच जिले से गायब हो रही लड़कियों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
ग्रामीण अंचलों से अधिक लड़कियां हो रहीं गायब
जिले के ग्रामीण अंचलों से लड़कियों के गायब होने के मामले अधिक सामने आते हैं, उसमें नाबालिग लड़कियां भी शामिल होती हैं। आदिवासी बहुल जिले डिंडौरी में लड़कियों को काम की तलाश में बाहर ले जाने वाला एक गिरोह भी सक्रिय है। पिछले वर्ष एक दर्जन लड़कियों को महानगरों से वापस लाया गया था। अब तक विपक्षी दल के नेता इस तरह के आरोप लगाते रहे हैं।
इस बार भाजपा विधायक द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों से मामला तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया में भी इस मामले को लेकर आरोप प्रत्यारोप चल रहे हैं। जिले के बजाग, करंजिया, अमरपुर, समनापुर, शहपुरा, मेहंदवानी और डिंडौरी जनपद क्षेत्र में लड़कियों के गायब होने के मामले पुलिस तक भी पहुंचते हैं। पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान चलाकर इस ओर पहल की गई थी। एक बार फिर बड़े स्तर पर इस ओर कार्य करने की मांग उठ रही है।







