श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल-बंधवापारा रेलखंड पर मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला मालगाड़ी के वैगन के नीचे बैठ गई, जिससे ट्रेन 15 मिनट तक रुकी रही। आरपीएफ और स्थानीय लोगों ने सतर्कता से रेस्क्यू कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। महिला ने बचाव के दौरान पत्थर भी फेंके, लेकिन समय रहते बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे शहडोल रेलवे स्टेशन मास्टर को सूचना मिली कि डाउन होम सिग्नल के पास एक महिला रेलवे ट्रैक से हटने का नाम नहीं ले रही है। इसी दौरान सिग्नल लाल होने के कारण मालगाड़ी वहां आकर रुक गई। ट्रेन रुकते ही महिला अचानक एक वैगन के नीचे जाकर बैठ गई। इसके बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल आरपीएफ को सूचना दी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जवानों को देखकर महिला ट्रैक पर इधर-उधर दौड़ने लगी। उसने बचाव में जुटे लोगों के साथ अभद्रता की और पत्थर भी फेंके। काफी देर तक समझाने और सतर्कता के साथ किए गए प्रयासों के बाद महिला को सुरक्षित रेलवे लाइन से बाहर निकाला गया। लोको पायलट के अनुसार, महिला पहले रेलवे ट्रैक के किनारे चल रही थी। जैसे ही मालगाड़ी सिग्नल पर रुकी, वह अचानक वैगन के नीचे चली गई। सुरक्षा कारणों से ट्रेन को आगे नहीं बढ़ाया गया और पूरे घटनाक्रम के दौरान रेल कर्मचारियों ने सतर्कता बरती।
करीब 15 मिनट तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला को सुरक्षित निकाल लिया गया। इसके बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया। घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। साथ ही लोगों से रेलवे ट्रैक के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन या आरपीएफ को देने की अपील की।
रेलवे ट्रैक में दौड़ा लगाती महिला।







