श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे प्रदेश के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। वर्ष 2015 के बाद अब एक बार फिर शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। शासन स्तर से आदेश जारी होने के बाद शिक्षा विभाग में तैयारियां तेज हो गई हैं, जिससे बड़ी संख्या में शिक्षकों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
इन संवर्गों के पात्र कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा संभागीय संयुक्त संचालकों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी निर्देशों में सहायक शिक्षक, शिक्षक, प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा नवीन शिक्षक संवर्ग के पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया नियमानुसार प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की कार्रवाई पूरी कर इसकी जानकारी संचालनालय को भेजी जाएगी।
वर्षों का इंतजार हुआ खत्म, सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों के लिए भी उठी मांग
शिक्षकों का कहना है कि वर्षों से पदोन्नति नहीं होने के कारण अनेक कर्मचारी उसी पद से सेवानिवृत्त हो गए, जिस पद पर उनकी नियुक्ति हुई थी। अब शासन की पहल से सेवा में कार्यरत शिक्षकों को लंबे इंतजार के बाद पदोन्नति का लाभ मिलने की उम्मीद जगी है।
साथ ही शिक्षकों ने मांग की है कि पदोन्नति से वंचित रहकर सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों के हितों पर भी शासन संवेदनशीलता से विचार करे, ताकि उन्हें भी आर्थिक एवं पेंशन संबंधी लाभ मिल सके।







