श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मध्य प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार आज खत्म होगा। राज्य शिक्षा केंद्र मंगलवार, 7 जुलाई को कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा का परिणाम दोपहर 2 बजे घोषित करेगा। विद्यार्थी और अभिभावक ऑनलाइन अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इस बार पुन: परीक्षा में प्रदेशभर के 2.49 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे।
कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का इंतजार मंगलवार को खत्म हो जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र (स्कूल शिक्षा विभाग) 7 जुलाई को दोपहर 2 बजे पुन: परीक्षा का परिणाम घोषित करेगा। परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थी और अभिभावक राज्य शिक्षा केंद्र के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। शिक्षक और संस्था प्रमुख भी इसी पोर्टल के माध्यम से अपनी-अपनी शाला का विद्यार्थीवार परिणाम ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।
16 से 23 जून तक हुई थी पुन: परीक्षा
राज्य शिक्षा केंद्र ने 16 जून से 23 जून 2026 के बीच कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा आयोजित की थी। यह परीक्षा प्रदेश के शासकीय, अशासकीय विद्यालयों और पंजीकृत मदरसों में कराई गई थी। मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाने वाले विद्यार्थियों को दोबारा मौका देने के उद्देश्य से यह परीक्षा आयोजित की गई।
2.49 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
इस बार पुन: परीक्षा में कक्षा 5वीं के 1 लाख 17 हजार से अधिक और कक्षा 8वीं के 1 लाख 32 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। यानी कुल 2.49 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने दोबारा परीक्षा देकर अगली कक्षा में प्रवेश की उम्मीद लगाई है।
322 मूल्यांकन केंद्रों पर जांची गई कॉपियां
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। इस कार्य में 17 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं को लगाया गया। मूल्यांकन पूरा होने के बाद विद्यार्थियों के अंक ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज किए गए, जिसके बाद परिणाम तैयार किया गया।







