श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के ब्यौहारी में नगर परिषद की समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस ने धरना-प्रदर्शन किया। ज्ञापन लेने कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप एक कुत्ते को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
ब्यौहारी नगर परिषद क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं, अव्यवस्थाओं और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यौहारी ने नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला। ज्ञापन लेने के लिए कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक विरोध जताते हुए एक कुत्ते को ज्ञापन सौंप दिया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर 13 सूत्रीय मांगपत्र तैयार किया था। इन मांगों के समर्थन में आयोजित आमसभा और विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। वक्ताओं ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आयुष ताम्रकार ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान ज्ञापन सौंपने के लिए तहसीलदार और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों का लंबे समय तक इंतजार किया गया, लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद कार्यालय के सामने धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
कुत्ते को सौंपा प्रतीकात्मक ज्ञापन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा तो वे आवारा कुत्ते को ज्ञापन सौंपकर विरोध दर्ज कराएंगे। काफी देर इंतजार के बाद भी जब कोई अधिकारी नहीं आया तो युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आयुष ताम्रकार एक कुत्ते को लेकर पहुंचे और उसे प्रतीकात्मक रूप से ज्ञापन सौंप दिया। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।







