SUBSCRIBE NOW

Home » ताजा खबर » मुरैना में रेत माफिया पर आधी रात को ‘बड़ी कार्रवाई’: दिन में दफ्तर संभाल रहे अफसर, रात को चंबल के घाटों पर खुद कर रहे गश्त

मुरैना में रेत माफिया पर आधी रात को ‘बड़ी कार्रवाई’: दिन में दफ्तर संभाल रहे अफसर, रात को चंबल के घाटों पर खुद कर रहे गश्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-   मुरैना। दिन के समय प्रशासन की सख्ती के बाद रेत माफिया रात के अंधेरे में सक्रिय हो रहे हैं। बीते रोज सबलगढ क्षेत्र में हौआपुरा घाट से रात में रेत के अवैध उत्खनन व अवैध परिवहन का वीडियो अफसरों तक पहुंचा।

आधी रात में टीआई राजकुमारी को किया था निलंबित
इस मामले में एसपी धर्मराज मीना ने सबलगढ़ टीआई राजकुमारी परमार को आधी रात में ही निलंबित कर दिया था। इस घटनाक्रम के बाद जिलेभर के एसडीएम की ड्यूटी भी रात्रि गश्त में लगा दी है। सभी एसडीएम दिन में अपने आफिस के काम निपटा रहे हैं, रात में पुलिस व वनटीम के साथ मिलकर चंबल के घाटों से लेकर सड़कों तक पर गश्त कर रहे हैं।

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध पूरे मुरैना जिले में विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत राजस्व, पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में रात्रिकालीन निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर के हैं आदेश
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने जिलेभर के एसडीएम को आदेश जारी किए हैं, कि वह रेत के अवैध खनन के विरुद्ध कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। एसडीओपी, थाना प्रभारी, वनटीम के साथ प्रतिदिन शाम 7 बजे से मध्यरात्रि तक नियमित निरीक्षण एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले की सीमाओं से होकर किसी भी प्रकार का अवैध रेत परिवहन नहीं होने दिया जाए तथा अंतरजिला सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जाए।
इन आदेशों के बाद बीती रात सबलगढ़ एसडीएम मेघा तिवारी ने बाबड़ीपुरा-वीरपुर मार्ग पर निरीक्षण व गश्त किया। जौरा क्षेत्र में एसडीएम शुभम शर्मा, एसडीओपी कैलारस उमेश मिश्रा की अगुआई में गुना का पुरा गांव में पैदल मार्च निकाला गया। इसके पश्चात सीहोरी प्वाइंट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अंबाह में एसडीएम रामनिवास सिकरवार, एसडीओपी रवि प्रताप भदौरिया ने रात में चंबल नदी के चुसलई घाट रतनबसई, बरवाई का निरीक्षण किया। पोरसा में थाना प्रभारी, तहसीलदार की टीम ने रेत परिवहन के रास्तों पर गश्त किया। प्रशासन की इस सख्ती का असर ऐसा दिखा कि रात में भी रेत का परिवहन थम गया है।
आधी रात को एसपी पहुंचे सबलगढ़ क्षेत्र में
सबलगढ़ क्षेत्र में रात के समय अवैध रेत उत्खनन व परिवहन का मामले में एसपी धर्मराज मीना सख्त है। बीती गुरुवार-शुक्रवार की रात वह सबलगढ़ क्षेत्र में औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। एसपी ने संयुक्त टीम को निर्देश दिए, कि बिना नंबर प्लेट संचालित तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। संबंधित वाहनों को आगे की कार्रवाई हेतु संबंधित थाने में जमा कराया गया है। प्रकरण में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us